सादाबाद 01 नवंबर। रामायण के रचयिता आदि कवि महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव के अवसर पर कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। महर्षि वाल्मीकि नवयुवक संघ के तत्वावधान में आयोजित शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। आकर्षक सजावट, धार्मिक झांकियों और महर्षि वाल्मीकि के जयकारों से नगर का माहौल भक्तिमय हो गया। रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा और समाजसेवी धर्मेंद्र गौतम ने किया। शोभायात्रा खंड विकास कार्यालय से प्रारंभ होकर हाथरस रोड, विनोबा नगर चौराहा और रोडवेज बस स्टैंड होते हुए जवाहर बाजार पहुंची। यहां स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। इसके बाद शोभायात्रा चौक बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर महर्षि वाल्मीकि वाटिका पहुंची, जहां इसका समापन सभा के रूप में हुआ। शोभायात्रा में शामिल धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालु महर्षि वाल्मीकि के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। मार्ग में लोगों ने महर्षि वाल्मीकि के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। आयोजन के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनके आदर्शों और समाज को दिए गए संदेशों को याद किया गया। इस मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि राधारमण अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, विश्व बंधु पाराशर, जेपी सागर, भूरा बघेल और दिनेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन में महर्षि वाल्मीकि नवयुवक संघ के संस्थापक ओमप्रकाश उर्फ किशन वाल्मीकि, अध्यक्ष रंजीत कुमार चौहान, महामंत्री किशन लाल वाल्मीकि, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार, मेला प्रबंधक उदय चौहान, उमेश शर्मा, आदित्य रावत, देश दीपक शर्मा और बसीम ठेकेदार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।







