
हाथरस 31 अक्टूबर। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में वार्षिक ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भाव और अनुशासन की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला खेल अध्यक्ष श्री काशीनरेश उपस्थित रहे। दौड़ में विद्यालय के सभी उपस्थित विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और पूरे उत्साह, ऊर्जा एवं अनुशासन के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में हाथरस पुलिस प्रशासन की एसएचओ टीम का विशेष सहयोग रहा। पुलिस टीम ने सुरक्षा, यातायात एवं दौड़ के मार्ग की व्यवस्था संभाली, जिससे आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने पुलिस टीम के सहयोग और तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के सचिव गौरांग सेकसरिया भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बबीता सेठ ने विद्यार्थियों के उत्साह एवं अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हमें एकता, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में शारीरिक स्फूर्ति के साथ सामूहिक उत्तरदायित्व, अनुशासन और देश के प्रति सम्मान की भावना भी मजबूत होती है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को एकता की शक्ति, सामूहिक सहभागिता और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश दिया गया। उत्साहपूर्ण माहौल में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










