सादाबाद 30 अक्टूबर। मुरसान रोड पर फायर सर्विस स्टेशन से आगे सुनीता कोल्ड स्टोर के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पश्चिम बंगाल और हरियाणा के तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित ग्राम बालमपुर तिरखा कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय हीरेश कुमार पुत्र निरंजन सिंह मोटरसाइकिल से मुरसान की ओर से सादाबाद आ रहा था। इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल पर पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर क्षेत्र निवासी शरीकुल इस्लाम पुत्र सिराजुलहक और इस्माइल पुत्र मोहम्मद शाकिर सवार थे। दोनों युवक ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य में मजदूरी करते हैं। बताया गया कि शरीकुल और इस्माइल सादाबाद से आवश्यक सामान खरीदकर मोटरसाइकिल से निर्माण स्थल पर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मुरसान मार्ग पर सुनीता कोल्ड स्टोर के सामने दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीनों युवकों के सिर, हाथ, पैर और चेहरे पर चोटें आईं। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी की मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों की हालत देखते हुए तत्काल एंबुलेंस बुलाई गई। इसके बाद तीनों को सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हादसे में सिर और चेहरे पर चोटें आने के बावजूद तीनों युवकों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।










