
हाथरस 29 अक्टूबर ।कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव जोगिया में बुधवार रात एक युवक बिजली के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह करंट लगने के कारण गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार, गांव जोगिया निवासी 27 वर्षीय भीमसेन चांदी के आभूषण बनाने का काम करता है। वह अविवाहित है। परिजनों के मुताबिक, भीमसेन कई दिनों से धनतेरस पर स्कूटी दिलाने की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर बुधवार को उसकी मां से कहासुनी हो गई थी। परिवार का कहना है कि रात करीब एक बजे भीमसेन शराब के नशे में था। गुस्से में आकर वह घर के पास लगे बिजली के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया।
बताया गया है कि ट्रांसफार्मर पर चढ़ने के दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।





