
हाथरस 28 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बुधवार को जनपद में गठित चुनाव सेल का निरीक्षण कर उसके कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आगामी चुनावों के मद्देनजर की जाने वाली तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ चर्चा की। निरीक्षण के समय क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर, चुनाव सेल प्रभारी और सेल में नियुक्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चुनाव सेल में संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्वाचन संबंधी अभिलेखों, उपलब्ध संसाधनों तथा सूचनाओं के संकलन, संधारण और अद्यतन स्थिति का जायजा लिया। साथ ही, आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं और अभिलेखों एवं सूचनाओं को व्यवस्थित तथा अद्यतन रखा जाए। निर्वाचन से जुड़ी महत्वपूर्ण गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के साथ सूचनाओं का समयबद्ध संकलन और संबंधित अधिकारियों के साथ प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने चुनाव सेल में नियुक्त पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने तथा उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए कार्यों को प्रभावी और सुव्यवस्थित ढंग से संपादित करने पर बल दिया। एसपी ने कहा कि आगामी चुनावों के दृष्टिगत सभी तैयारियां समयबद्ध और सुनियोजित तरीके से पूरी की जाएं। संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन संबंधी दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें।









