सादाबाद 26 अक्टूबर। देहात के गांव उघई से पति-पत्नी के बीच होने वाले घरेलू विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति अपनी ही पत्नी के कथित हमलों से परेशान होकर पुलिस की शरण में पहुंच गया। पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत देकर पत्नी से अपनी जान बचाने की गुहार लगाई है। उसका आरोप है कि मामूली कहासुनी होने पर पत्नी मारपीट पर उतारू हो जाती है। पूर्व में धारदार हथियार से हमला कर उसका आधा हाथ काट चुकी है। अब सोमवार को सिर पर बाल्टी मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव उघई निवासी सुराजुद्दीन पुत्र शमशुद्दीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा करती है। विवाद बढ़ने पर वह हिंसक हो जाती है और उस पर हमला कर देती है। पत्नी के आक्रामक व्यवहार के कारण वह काफी परेशान है। पीड़ित का आरोप है कि पूर्व में भी पत्नी ने गुस्से में आकर उस पर बांक से हमला कर दिया था। हमले में उसकी बाजू पर गंभीर चोट आई थी और उसका आधा हाथ कट गया था। इस घटना के बाद भी पत्नी के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। सोमवार को एक बार फिर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि पत्नी ने गुस्से में आकर उसके सिर पर बाल्टी से जोरदार प्रहार कर दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। लगातार हो रहे हमलों से भयभीत सुराजुद्दीन सोमवार को कोतवाली पहुंचा और पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। उसने पत्नी के खिलाफ शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि उसे अपनी ही पत्नी से जान का खतरा बना हुआ है।






