
हाथरस 26 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन के बाद प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण सहित पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसमें मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पुनरीक्षण से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध और निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा निर्धारित अर्हता तिथि के आधार पर पात्रता रखने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने महिला मतदाताओं और अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम प्राथमिकता के आधार पर जोड़ने के निर्देश दिए, जिससे जनपद के जेंडर रेशियो में सुधार किया जा सके। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों का सहयोग लेने तथा डिग्री कॉलेजों में विशेष शिविर आयोजित करने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं, जबकि अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की जाए। संबंधित उप जिलाधिकारियों को आवश्यक जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि मतदाता सूची में त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सूची अद्यतन कर शीघ्र जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करें। साथ ही आश्वस्त किया कि निर्वाचक नामावली तैयार करने की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमानुसार संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने 12 नवंबर, 2026 से प्रारंभ होने वाले पुनरीक्षण अभियान से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन 2 नवंबर, 2026 तक किया जाना है। एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 12 नवंबर, 2026 को होगा। दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर, 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर, 2026 तक किया जाएगा, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी, 2027 को होगा। पुनरीक्षण अभियान के दौरान संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने जनसामान्य से अपील की कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अवलोकन करें और आवश्यकतानुसार नाम शामिल कराने, हटवाने अथवा विवरण में संशोधन के लिए समयसीमा के भीतर आवेदन करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें और पुनरीक्षण की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो। बैठक में जिला मीडिया प्रभारी सुनील वर्मा (एडवोकेट), जिला महामंत्री राजेंद्र कुमार माहेश्वरी, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाहा एवं उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, इंडियन नेशनल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष राजकपूर, सीपीआई (एम) के जिला सचिव श्याम सिंह वर्मा, आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष रहमत अली, अपना दल (एस) के जमुना प्रसाद सहित अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रशान्त तिवारी, संबंधित उप जिलाधिकारी, तहसीलदार हाथरस, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






