
हाथरस 24 अक्टूबर। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव में 22 वर्षीय युवती को परेशान करने और अश्लील इशारे करने का मामला सामने आया है। युवती के भाई ने गांव के ही एक युवक पर अभद्रता करने और विरोध करने पर थप्पड़ मारने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के परिजनों के अनुसार, गांव का ही मोमीन उसकी 22 वर्षीय बहन को काफी समय से परेशान कर रहा था। आरोप है कि 20 अक्टूबर को युवती घर के बाहर खड़ी थी, तभी मोमीन ने उसके सामने अश्लील इशारे किए।
युवती ने घरवालों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसके भाई ने मोमीन से इस हरकत का कारण पूछा। आरोप है कि इस पर मोमीन ने भाई को थप्पड़ मार दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि वह आगे भी ऐसा करता रहेगा। घटना के बाद युवती के भाई ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।




