सहपऊ 21 अक्टूबर । कोतवाली सहपऊ क्षेत्र के गांव नवलपुर में मारपीट के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गांव निवासी ऊषा देवी पत्नी सुनील कुमार ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनके पति के साथ मारपीट की। विरोध करने पर महिला और उसके बच्चों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें उनका पुत्र घायल हो गया। ऊषा देवी के अनुसार, गांव निवासी राजन सिंह पर उनके पति के पांच हजार रुपये बकाया थे। 13 अक्टूबर की शाम उनके पति सुनील कुमार रुपये मांगने के लिए राजन सिंह के घर गए थे। आरोप है कि वहां राजन सिंह, ऋषि, विकेश और मूला ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
सुनील कुमार के शोर मचाने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि जब वे लोग घर वापस लौट रहे थे, तभी विजय सिंह ने पीछे से उनके पति पर खूंटे से वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गए। आरोप है कि इस दौरान ऊषा देवी और उनके बच्चों के साथ भी मारपीट की गई। उनके पुत्र सुमित के हाथ में भी खूंटे से चोट लग गई। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।









