Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 20 अक्टूबर । कोतवाली सहपऊ पुलिस ने महिला की हत्या और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को जलाने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मृतका के चचिया ससुर रामवीरेश और देवर अनुज उर्फ अन्नू, निवासी गांव थरौरा, के रूप में हुई है। इस मामले में मृतका की सास बीना देवी और चचेरा देवर आकाश को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण के अनुसार, गांव थरौरा में एक अगस्त को निर्मला की हत्या किए जाने और उसके शव को जलाए जाने की घटना सामने आई थी। निर्मला अपने पति अमित कुमार उर्फ जैकी से अलग रह रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जलती चिता को बुझाकर शव के अवशेष बाहर निकाले। पुलिस के अनुसार, शव बुरी तरह जल चुका था। मृतका के पिता सुरेश चंद्र निवासी जाइमई, थाना सिरसागंज, जनपद फिरोजाबाद ने मृतका के पति, सास, ससुर और देवर समेत नौ नामजद आरोपियों तथा दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ सहपऊ कोतवाली में हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पहले मृतका की सास बीना देवी और चचेरे देवर आकाश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब मंगलवार को रामवीरेश और अनुज उर्फ अन्नू को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page