Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 अक्टूबर । सड़क निर्माण के दौरान पुरानी सड़क को उखाड़े बिना उसके ऊपर ही नई सड़क बना दिए जाने से सड़क का स्तर लगातार ऊंचा होने की समस्या को लेकर समाज कल्याण एवं शांति संगठन (स्वापो ट्रस्ट) ने चिंता जताई है। संगठन ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजकर प्रदेश में सड़क निर्माण की प्रक्रिया में सुधार कराने और जनसमस्याओं का समाधान कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि कई स्थानों पर पुरानी सड़क हटाए बिना उसके ऊपर नई सड़क बना दी जाती है। इससे सड़क का स्तर ऊंचा होता जाता है, जबकि आसपास के मकान सड़क के मुकाबले नीचे हो जाते हैं। इसका असर बारिश के दौरान दिखाई देता है, जब सड़क का पानी घरों में घुसने लगता है। इससे लोगों को परेशानी के साथ-साथ संपत्ति के नुकसान का सामना भी करना पड़ता है। संगठन ने यह भी चिंता जताई कि सड़क का स्तर बढ़ने से भवनों के प्रवेश द्वार और पहली मंजिल की ऊंचाई भी सड़क के मुकाबले कम होती जा रही है। स्वापो ट्रस्ट ने अपने मांग पत्र में हाथरस नगर के बुर्ज वाला कुआं से चावड़ गेट तक की सड़क का उदाहरण दिया है। संगठन के अनुसार, यह सड़क पहले इंटरलॉकिंग टाइलों से बनी हुई थी। संगठन का कहना है कि सड़क निर्माण के समय पुरानी टाइलों को हटाकर उसी स्तर पर आरसीसी सड़क बनाई जा सकती थी, लेकिन आरोप है कि पुरानी टाइलें उखाड़े बिना ही उनके ऊपर सड़क बना दी गई। इससे सड़क का स्तर काफी ऊंचा हो गया है। संगठन ने दावा किया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। संगठन ने शहर के अन्य हिस्सों में प्रस्तावित सड़क निर्माण को देखते हुए प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसियों से समय रहते आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

स्वापो ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रदेश में सड़क निर्माण करने वाली एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि नई सड़क बनाने से पहले पुरानी सड़क को उचित तरीके से हटाया जाए, ताकि सड़क का स्तर बार-बार ऊंचा न हो और आसपास के मकानों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही संगठन ने निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित कंपनी या निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क की समुचित सफाई सुनिश्चित कराने की मांग भी की है। संगठन का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान स्थानीय निवासियों की सुविधा, मकानों के स्तर और जल निकासी की व्यवस्था का ध्यान रखा जाना चाहिए।

स्वापो ट्रस्ट ने कहा कि सड़कें ऊंची होने और मकानों का स्तर नीचे रह जाने की समस्या केवल हाथरस तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी लोगों को इससे परेशानी हो सकती है। इसलिए शासन स्तर पर इस विषय का संज्ञान लेकर निर्माण कार्यों के लिए प्रभावी दिशा-निर्देश जारी किए जाने चाहिए। इस मांग को उठाने वालों में स्वापो ट्रस्ट के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल अग्रवाल, जिला अध्यक्ष सुनील बर्मन, नगर अध्यक्ष दिनेश सरदाना, जिला महामंत्री उत्कर्ष शर्मा, नगर महामंत्री लव तायल, कोषाध्यक्ष विष्णु मोहन वार्ष्णेय, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल (राया वाले) और राकेश बंसल, जिला उपाध्यक्ष श्रीमोहन वार्ष्णेय और दीपक गुप्ता (कोयला वाले), जिला संगठन मंत्री मोहित गर्ग, नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष केशव लाल अरोड़ा और रवि वार्ष्णेय, नगर उपाध्यक्ष मनीष गोयल सहित संगठन के संरक्षक, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी और अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हैं। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि सड़क निर्माण से संबंधित दिशा-निर्देशों का प्रभावी पालन कराया जाए, ताकि आम लोगों के घरों में बारिश का पानी घुसने और संपत्ति को नुकसान पहुंचने जैसी समस्याओं से बचाव हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page