Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ)  20 अक्टूबर । थाना सहपऊ क्षेत्र के ग्राम थरौरा में एक विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और वांछित नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामविरेश पुत्र हीरासिंह और अनुज कुमार उर्फ अन्नू पुत्र सोरन सिंह, निवासी ग्राम थरौरा, थाना सहपऊ, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अगस्त 2026 को फिरोजाबाद जिले के थाना सिरसागंज क्षेत्र के ग्राम जाइमई निवासी सुरेश चंद्र पुत्र रामदयाल ने थाना सहपऊ में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी तीन फरवरी 2012 को ग्राम थरौरा निवासी अमित कुमार उर्फ जैकी के साथ हुई थी। आरोप है कि 31 जुलाई 2026 को ससुरालीजनों ने उनकी बेटी की हत्या करने के बाद शव को जला दिया। शिकायत के आधार पर थाना सहपऊ में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक सहपऊ को निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 20 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने मामले में वांछित नामजद आरोपी रामविरेश और अनुज कुमार उर्फ अन्नू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में आठ अगस्त को एक अन्य आरोपी और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। इस संबंध में थाना सहपऊ पर मुकदमा अपराध संख्या 145/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(1), 103(1) और 238 में अभियोग पंजीकृत है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी मयंक चौधरी और थाना सहपऊ की टीम शामिल रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page