
हाथरस 17 अक्टूबर । कोतवाली सदर क्षेत्र की एक बस्ती से 20 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने एटा जिले के एक युवक पर नौकरी और कृषि भूमि का झांसा देकर बेटी को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पिता के अनुसार, करीब तीन माह पहले रिश्तेदार के माध्यम से उनकी बेटी की मुलाकात अजय कुमार निवासी गांव गेहतू, थाना निधौली कलां, जनपद एटा से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच करीब दो माह से मोबाइल पर बातचीत हो रही थी। आरोप है कि अजय ने युवती को 40 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी और अपने पास काफी कृषि भूमि होने की बात कहकर बहलाया-फुसलाया। आरोप है कि सात अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे वह युवती को अपने साथ ले गया। इसके बाद से युवती का कोई पता नहीं चल सका है। पिता का कहना है कि आरोपी का मोबाइल फोन बंद है और वह अपने घर से भी गायब है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर युवती की तलाश और प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।










