
हाथरस 17 अक्टूबर । नई घास की मंडी, लाला का नगला निवासी विवाहिता विनीता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज में अल्टो कार की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने देवर थानसिंह पर अश्लील हरकत करने का भी आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। विनीता के अनुसार, उसकी शादी 28 नवंबर 2023 को मथुरा निवासी कप्तान सिंह के साथ हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने करीब 10 लाख रुपये खर्च कर घरेलू सामान दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, देवर, सास और अन्य ससुरालीजन अल्टो कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि करीब ढाई साल पहले उसे ससुराल से निकाल दिया गया था। इसके बाद 11 अगस्त को ससुराल पक्ष के लोग उसके मायके पहुंचे और तलाक के कागजों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और दुपट्टे से गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










