
हाथरस 17 अक्टूबर । थाना चंदपा क्षेत्र में गोलगप्पे खाने के दौरान एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित रामपाल पुत्र बच्चू सिंह निवासी जिंदपट्टी बिसाना ने ओमवीर पंडित और उसके बेटे पर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। रामपाल के अनुसार, 16 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे वह विधायक के मकान के सामने नगला ओझा की ओर जाने वाली सड़क के मोड़ पर गोलगप्पे खा रहा था। तभी नगला ओझा की तरफ से ओमवीर पंडित अपने बेटे के साथ वहां पहुंचा और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए और बीच-बचाव कर उसे बचाया। पीड़ित का कहना है कि मारपीट में उसे काफी चोटें आई हैं। आरोप है कि मौके से जाते समय दोनों उसे जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इसके बाद रामपाल ने थाना चंदपा पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










