हाथरस 17 अक्टूबर । चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसएयूएटी), कानपुर द्वारा 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केंद्र को यह पुरस्कार अपने स्टॉल पर स्वचालित एकीकृत कृषि प्रणाली एवं विभिन्न नवीन कृषि तकनीकों का प्रभावशाली प्रदर्शन करने के लिए प्राप्त हुआ। कृषि विज्ञान केंद्र, हाथरस के स्टॉल पर आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि के विभिन्न घटकों के एकीकरण तथा किसानों की आय बढ़ाने में सहायक तकनीकी नवाचारों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों एवं आधुनिक तकनीकों के महत्व की जानकारी दी गई। केंद्र के इस प्रयास को मेले में सराहना मिली और द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से पुरस्कार केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. बलवीर सिंह ने प्राप्त किया। उनके साथ डॉ. आकांक्षा सिंह, डॉ. शैलजा, डॉ. हरविंदर पाल तथा केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. श्योराज सिंह उपस्थित रहे। कृषि विज्ञान केंद्र, हाथरस की इस उपलब्धि को कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों के प्रसार, वैज्ञानिक पद्धतियों को बढ़ावा देने तथा किसानों को आधुनिक कृषि से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह सम्मान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे तकनीकी प्रसार एवं कृषि नवाचारों के प्रयासों को प्रोत्साहित करेगा।









