Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 अक्टूबर। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। यह बात जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने शनिवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत आयोजित विशेष कैंप दिवस पर कही। उन्होंने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ श्री अक्रूर इंटर कॉलेज और पीबीएएस इंटर कॉलेज, हाथरस स्थित पुनरीक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने, दर्ज विवरणों में त्रुटियों को सुधारने और पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने और उसमें दर्ज विवरणों का वास्तविक स्थिति से मिलान सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्य में लगे कर्मचारियों से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की जानकारी भी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची से किसी व्यक्ति का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 प्राप्त होने पर संबंधित प्रकरण का नियमानुसार मौके पर सत्यापन अवश्य किया जाए। सत्यापन के बाद संबंधित उप जिलाधिकारी को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाए। उन्होंने मतदाता सूची में नाम, आयु और अन्य विवरणों में त्रुटियां मिलने पर संबंधित व्यक्ति एवं उसके परिजनों से संवाद स्थापित कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर संशोधन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण केंद्र पर मौजूद छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मतदान के अधिकार और लोकतंत्र में प्रत्येक मत के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला हैं। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर, 2026 को विशेष कैंप दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में नए मतदाताओं के पंजीकरण के साथ ही मतदाता सूची में नाम, आयु एवं अन्य विवरणों में संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ उठा सकें। साथ ही मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के दृष्टिगत पीबीएएस इंटर कॉलेज में बनाए गए मतदान बूथों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। मतदान केंद्रों पर किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिलाधिकारी सदर, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page