Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 अक्टूबर। जनपद की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के सम्भाजन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से 1,200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों का सम्भाजन किया जाएगा। इसके तहत मतदेय स्थलों का आलेख्य प्रकाशन 19 अक्टूबर, 2026 को किया जाएगा। इसकी प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के साथ जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएंगी। उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को सांसदों, विधायकों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ दोबारा बैठक आयोजित कर मतदेय स्थलों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को सम्भाजन संबंधी प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को भेजा जाएगा।

24 अक्टूबर को चलेगा विशेष अभियान

जिलाधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का प्रमुख उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है। इसमें विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और ऐसे पात्र नागरिकों पर ध्यान दिया जाएगा, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। इसी उद्देश्य से जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर, 2026 को विशेष अभियान आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। अभियान के दौरान नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और व्यक्तिगत विवरण में संशोधन कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए क्रमशः फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल https://voters.eci.gov.in के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।

12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन

जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 12 नवंबर को प्रस्तावित है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सूची अद्यतन कर शीघ्र जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं। इससे पुनरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं और अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया में अधिकाधिक पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में सदर विधायक अंजुला माहौर, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिला महामंत्री राजेन्द्र कुमार माहेश्वरी, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, इंडियन नेशनल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय, जिला मीडिया प्रभारी सुनील वर्मा एड, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष राजकपूर, सीपीआई(एम) के जिला सचिव श्याम सिंह वर्मा तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चन्द्र सहित अन्य अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page