
हाथरस 15 अक्टूबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की संवेदनशील पहल से सादाबाद निवासी एक जरूरतमंद परिवार को महज 24 घंटे के भीतर अंत्योदय राशन कार्ड का लाभ मिला है। आंखों से लगभग 50 प्रतिशत दिव्यांगता से प्रभावित आठ वर्षीय रिहान मलिक के उपचार में इससे मदद मिलने का रास्ता खुला है। अंत्योदय राशन कार्ड के आधार पर बच्चे का आयुष्मान कार्ड जारी कराने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उसे नियमानुसार उपचार संबंधी सरकारी सुविधाएं मिल सकेंगी।
मामला 14 अक्टूबर 2026 का है, जब जनता दर्शन में इस्लाम नगर, सादाबाद निवासी श्रीमती नाजरीन नाज पत्नी रिजवान खान ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अपनी समस्या बताई। उन्होंने बताया कि उनका आठ वर्षीय पुत्र रिहान मलिक आंखों से लगभग 50 प्रतिशत दिव्यांग है और उसका उपचार अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के एएमयू रिसर्च सेंटर, अलीगढ़ में चल रहा है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चे के इलाज में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उन्होंने अपने पुत्र का अंत्योदय राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनवाने की मांग की, ताकि उसके उपचार में आर्थिक सहायता मिल सके।
बच्चे के स्वास्थ्य और परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और जिला पूर्ति अधिकारी को पात्रता की जांच कर अंत्योदय राशन कार्ड जारी कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में संबंधित अधिकारियों ने 24 घंटे के भीतर पात्रता की जांच पूरी कर परिवार को अंत्योदय राशन कार्ड का लाभ उपलब्ध करा दिया। अब इसी आधार पर बच्चे का आयुष्मान कार्ड जारी कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उसे नियमानुसार उपचार संबंधी सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि पात्र और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान करना भी है। गरीब परिवारों के बच्चों को बेहतर उपचार और जीवन में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और प्रत्येक बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य तथा उज्ज्वल भविष्य के अवसर मिलने चाहिए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी की इस पहल से जरूरतमंद परिवार को त्वरित राहत मिली है। साथ ही, आठ वर्षीय रिहान के उपचार के लिए आवश्यक सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।








