Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 अक्टूबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों को यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जनपद में बढ़ते यातायात दबाव, सड़क सुरक्षा के उपायों, दुर्घटना रोकथाम की रणनीतियों और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के संबंध में समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक, आगरा को राष्ट्रीय राजमार्ग-509 पर दुर्घटना स्थलों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समिति गठित करने, दुर्घटना संभावित स्थलों की जांच कराने और दुर्घटनाओं के कारणों सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सड़क सुरक्षा की दृष्टि से कराए गए कार्यों और प्रस्तावित कार्यों की रिपोर्ट छायाचित्रों सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि त्योहारों के दौरान सड़कों पर आवागमन बढ़ जाता है, ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। तेज गति से वाहन चलाने पर नियंत्रण करने तथा सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी घटनाओं का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

डीएम ने सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर हाईमास्ट लाइट और बैरियर लगाने, सड़क चौड़ीकरण कराने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करने तथा चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्रों में रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ सड़कों पर आवश्यक संकेतक, चेतावनी बोर्ड, गति सीमा संबंधी चिह्न और उच्च परावर्तक पेंट से मार्किंग का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने को कहा। उन्होंने परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, यातायात निरीक्षक, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक तथा प्रभारी अधिकारी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page