
हाथरस 13 अक्टूबर। कोतवाली सदर क्षेत्र के विजयनगर मुरसान गेट में पड़ोसी विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लोगों ने घर में घुसकर जगदीश प्रसाद शर्मा और उनके भतीजे नकुल के साथ लात-घूंसों और कांच की बोतलों से मारपीट की, जिसमें दोनों घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
विजयनगर मुरसान गेट निवासी जगदीश प्रसाद शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे उनके पड़ोसी श्रीकांत उर्फ कुक्कू, उसकी पत्नी ऊषा देवी, भाई हरीश और हरीश की पत्नी शशि अचानक उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि चारों ने उनके और उनके भतीजे नकुल के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में दोनों को चोटें आईं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग आए दिन गाली-गलौज करते हैं और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








