Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 अक्टूबर। अलीगढ़ रोड स्थित नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति में धान की भारी आवक के चलते पिछले कई दिनों से जाम की समस्या बनी हुई है। मंगलवार को भी मंडी में करीब 45 हजार कुंतल धान की आवक हुई, जिससे मंडी परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित रहा। स्थिति को देखते हुए मंडी प्रशासन ने धान लेकर आने वाले किसानों के प्रवेश का समय निर्धारित कर दिया है।

कृषि उत्पादन मंडी समिति हाथरस के सचिव अनिल कुमार की ओर से 13 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, अब धान लेकर आने वाले किसानों के वाहनों को मंडी परिसर में गेट नंबर एक से रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। सुबह 8 बजे के बाद धान लेकर आने वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मंडी प्रशासन का उद्देश्य इस व्यवस्था के माध्यम से परिसर में भीड़ को नियंत्रित करना और यातायात सुचारू बनाए रखना है। दरअसल, पिछले कई दिनों से मंडी में धान की अत्यधिक आवक हो रही है। बड़ी संख्या में किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचने के कारण परिसर में जाम के हालात बन रहे हैं। इससे धान की खरीद-बिक्री के साथ-साथ मंडी में आने-जाने वाले किसानों और व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाथरस आढ़तिया एसोसिएशन की ओर से भी मंडी में धान की भारी आवक को देखते हुए प्रवेश का समय निर्धारित करने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद मंडी प्रशासन ने किसानों के वाहनों के प्रवेश के लिए समय तय करते हुए नई व्यवस्था लागू की है। मंडी सचिव अनिल कुमार ने आदेश में स्पष्ट किया है कि किसान धान उतारने के तुरंत बाद अपनी खाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मंडी परिसर से बाहर निकालें, ताकि अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने किसानों, व्यापारियों और आढ़तियों से नई व्यवस्था का पालन करने और मंडी प्रशासन को सहयोग देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से मंडी में यातायात सुचारू रखने और धान की खरीद-बिक्री का कार्य व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page