
हाथरस 13 अक्टूबर। रमनपुर मोहल्ले में सोमवार देर रात एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर शादी के लिए रखा सामान, नकदी, सोने-चांदी के गहने और बच्चों के स्कूल-कॉलेज के जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। पीड़ित परिवार ने लाखों रुपये के नुकसान की बात कही है। घर के सदस्यों और पड़ोसियों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी सुभाष के बेटे की शादी 20 नवंबर को तय है। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था और समारोह के लिए कपड़े, गहने, नकदी सहित अन्य जरूरी सामान घर में इकट्ठा कर रखा था। सोमवार देर रात अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया और परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घर में आग लगने पर परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच गए। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर में रखा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। आग में बच्चों की पढ़ाई से जुड़े स्कूल और कॉलेज के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जल गए। पीड़ित सुभाष के अनुसार, आग कैसे लगी, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। आग से शादी की तैयारियों के लिए जुटाया गया सामान नष्ट होने से परिवार के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।








