
हाथरस 13 अक्टूबर। ऑपरेशन दहन अभियान के अंतर्गत हाथरस पुलिस ने जब्त शराब के विनष्टीकरण की कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में थाना कोतवाली नगर हाथरस और थाना चन्दपा से संबंधित कुल 77 अभियोगों में जब्त देशी एवं अंग्रेजी शराब के 1,630 क्वार्टर नष्ट कराए गए। शराब की कुल मात्रा लगभग 425 लीटर और अनुमानित बाजार कीमत 1,42,500 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली नगर हाथरस से संबंधित 56 अभियोगों में जब्त देशी एवं अंग्रेजी शराब के 1,250 क्वार्टर, जिनकी मात्रा लगभग 330 लीटर और अनुमानित कीमत 1,12,500 रुपये थी, का विनष्टीकरण कराया गया। वहीं, थाना चन्दपा से संबंधित 21 अभियोगों में जब्त देशी शराब के 380 क्वार्टर नष्ट किए गए। इनकी मात्रा लगभग 95 लीटर और अनुमानित कीमत 30,000 रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई के लिए राजपत्रित अधिकारियों और संबंधित थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम ने नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर जब्त शराब का विनष्टीकरण कराया गया। यह शराब विभिन्न अभियोगों से संबंधित थी और लंबे समय से थानों के मालखानों में जमा थी। ऑपरेशन दहन’ के तहत जब्त अवैध मादक एवं नशीले पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। हाथरस पुलिस के अनुसार, अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाथरस पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।








