Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 अक्टूबर । श्री दाऊजी महाराज के 115वें उत्तर प्रादेशिक तृतीय मेले के दौरान सामने आई समस्याओं और कथित अभद्रता के मामलों को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सदर एवं मेला मजिस्ट्रेट राज बहादुर सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मेले के दौरान हुई घटनाओं और समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान एसडीएम ने भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, मेला आयोजन के दौरान ही इन समस्याओं के संबंध में मेला मजिस्ट्रेट को जानकारी दी गई थी। उस समय उन्होंने मेले में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए धैर्य बनाए रखने की अपील की थी। उन्होंने मेला समाप्त होने के बाद विस्तार से समस्याओं की जानकारी देने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने की बात कही थी।

तीन संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने किया सम्मानित

इसी क्रम में अध्यक्ष श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’, वशिष्ठ जिला अध्यक्ष एवं संयोजक शिक्षामित्र संगठन बृजेश मोहन तथा पं. सत्येंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’, संयोजक पंडित किशोरी लाल स्मृति योग संस्थान सहित अन्य सहयोगियों ने एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह से मुलाकात की। इस अवसर पर तीनों संस्थाओं की ओर से एसडीएम को विशेष पीतपटका पहनाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, त्रिभैरवनाथ सिद्ध पीठ, रमनपुर रोड, कैलाश नगर से कंकाली माता की चतुर्थ पैदल यात्रा की ओर से सौरभ वर्मा ने भी एसडीएम का विशेष पीतपटका पहनाकर स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने उपस्थित लोगों का भी पीतपटका पहनाकर स्वागत किया। विशेष रूप से शीतल प्रसाद और रवि शर्मा को पीतपटका एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

भविष्य में समस्याएं नहीं होने का दिया आश्वासन

मुलाकात के दौरान एसडीएम सदर एवं मेला मजिस्ट्रेट राज बहादुर सिंह ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने मेले के दौरान प्रशासन का मान रखते हुए धैर्य बनाए रखा और किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार की समस्याएं उत्पन्न न हों, इसके लिए प्रशासन की ओर से पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अपना अमूल्य समय निकालकर मेले से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी है, जिसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं। इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन की पहल से आगामी आयोजनों में व्यवस्थाएं बेहतर होंगी और श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page