
हाथरस 13 अक्टूबर । जिले में खराब मौसम के चलते जिलाधिकारी द्वारा 12 अक्टूबर को घोषित अवकाश के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। मुरसान विकासखंड के ग्राम बामौली स्थित संविलियन विद्यालय में आकाशीय बिजली गिरने से विद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इनवर्टर और पूरी बिजली फिटिंग जलकर नष्ट हो गई। गनीमत रही कि अवकाश के कारण विद्यालय में बच्चे और स्टाफ मौजूद नहीं थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ग्रामवासियों से मिली जानकारी के अनुसार, खराब मौसम के दौरान विद्यालय के बिजली के पोल पर आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से विद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, इनवर्टर और विद्युत व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद विद्यालय की बिजली फिटिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अवकाश के कारण सुरक्षित रहे बच्चे और शिक्षक
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित कुमार शर्मा ने खराब मौसम को देखते हुए समय पर अवकाश घोषित करने के लिए जिलाधिकारी, हाथरस एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के समयोचित निर्णय के चलते संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई। यदि विद्यालय में सामान्य दिनों की तरह बच्चे और शिक्षक उपस्थित होते, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
विभागीय सहयोग से दुरुस्त कराई जाएगी व्यवस्था
प्रधानाध्यापक अमित कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यालय को हुई भौतिक क्षति की भरपाई विभागीय सहयोग से कराने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि आवश्यक कार्रवाई के बाद बिजली व्यवस्था और क्षतिग्रस्त उपकरणों को जल्द दुरुस्त कराया जा सकेगा। इस संबंध में सूचना खंड शिक्षा अधिकारी, मुरसान को भी सादर प्रेषित की गई है। विद्यालय परिवार ने एक बार फिर जिलाधिकारी और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोपरि है।










