Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 12 अक्टूबर । केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल मुखिया जयंत चौधरी सोमवार शाम क्षेत्र के गांव बिसावर पहुंचे। यहां उन्होंने क्रांतिकारी वीर गोकुला जाट की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनका जोरदार स्वागत किया गया।

दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का एक तरीका होता है। विपक्ष अपनी बात राष्ट्रपति तक पहुंचा चुका है, ऐसे में लगातार सड़क पर रहना कहां तक उचित है। उन्होंने आंदोलनकारियों से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील की। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के चलते मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने के सवाल पर जयंत चौधरी ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम उठाया गया, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो और जनता को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों की बात दर्ज हो चुकी है। अब उन्हें लोकतंत्र और सरकार पर विश्वास रखते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए। सादाबाद विधानसभा सीट के आगामी बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर जयंत चौधरी ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। भाजपा और रालोद में से किसके खाते में यह सीट जाएगी, इस पर उन्होंने अपने पत्ते नहीं खोले। जयंत चौधरी ने वीर गोकुला जाट की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके इतिहास को पाठ्यक्रम में स्थान मिलना ब्रजभूमि और देश के लिए गौरव का विषय है। इससे नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, साहस और बलिदान के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान ब्रज क्षेत्र में औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। ऑयल एंड गैस, फूड प्रोसेसिंग और कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देने पर विचार किया गया। भारत और जापान के बीच हुए समझौते के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सीबीजी प्लांट स्थापित करने की संभावनाओं का भी जिक्र हुआ। इसके अलावा बिसावर क्षेत्र में थाना स्थापित करने की मांग भी चर्चा में रही। कार्यक्रम में विधायक प्रदीप चौधरी, रालोद के वरिष्ठ नेता गिरेंद्र चौधरी, जिला पंचायत सदस्य ईशान चौधरी, जिला पंचायत सदस्य सुआ पहलवान और गुड्डू चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page