
हाथरस 12 अक्टूबर। नगर पालिका परिषद हाथरस शहर में दो करोड़ 65 लाख 87 हजार रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराएगी। इसके लिए निर्माण कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर लिए गए हैं। बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रस्तावित कार्यों में नगर पालिका कार्यालय परिसर में सीसी रोड का निर्माण, पार्कों का सुंदरीकरण, बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय के पीछे सीसी मार्ग और चहारदीवारी का निर्माण तथा राजकीय लाइब्रेरी में मरम्मत कार्य शामिल हैं। प्रस्ताव के अनुसार, नगर पालिका कार्यालय परिसर में पहले गेट से सिक्योरिटी गार्ड रूम होते हुए दूसरे गेट तक 51.36 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड बनाई जाएगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक आवास के सामने स्थित पार्क के सुंदरीकरण पर 43.07 लाख रुपये और कलेक्ट्रेट आवास परिसर में पानी की टंकी वाले पार्क को संवारने पर 59.96 लाख रुपये खर्च करने की योजना है।
इसके अलावा, बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय के पीछे 40.76 लाख रुपये की लागत से सीसी मार्ग और चहारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा। इससे अस्पताल के आसपास आवागमन सुगम होने के साथ जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। राजकीय लाइब्रेरी में भी 19.80 लाख रुपये की लागत से टाइलीकरण और मरम्मत कार्य प्रस्तावित है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि सभी विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर लिए गए हैं। धनराशि की उपलब्धता के आधार पर बोर्ड से स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। इन कार्यों के पूरा होने से शहर की सार्वजनिक सुविधाओं और संबंधित क्षेत्रों की व्यवस्थाओं में सुधार होने की उम्मीद है।










