Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 अक्टूबर। सहपऊ थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति सहित ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और जबरन गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे प्रताड़ित किया गया और जान से मारने की नीयत से गला दबाकर कमरे में बंद कर दिया गया। बाद में मारपीट करते हुए उसे गांव के बाहर छोड़ दिया गया। पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थिया कृष्णा पुत्री विजयपाल निवासी नगला भोलू, भाग मढ़ाभोज, थाना सहपऊ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नोएडा में नौकरी करती थी। इसी दौरान उसका संपर्क विजय सक्सेना से हुआ। पीड़िता के अनुसार, दोनों ने 17 फरवरी 2025 को आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था। इसके बाद 30 नवंबर 2025 को उसके माता-पिता ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। पीड़िता का कहना है कि पिता ने विवाह में करीब पांच लाख रुपये खर्च किए और घर-गृहस्थी का सामान सहित सोने-चांदी के जेवरात दिए। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर पति विजय सक्सेना पुत्र कालीचरन निवासी राज कॉलोनी, रुद्रपुर, बरेली और अन्य ससुरालीजन दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वे कथित तौर पर दो लाख रुपये अतिरिक्त और मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। पीड़िता ने मानसिक प्रताड़ना देने और भूखा रखने का भी आरोप लगाया है।

विवाहिता के मुताबिक, नौकरी के दौरान जमा किए गए फंड से भी उसे डराकर और दबाव डालकर दो लाख रुपये निकलवा लिए गए। इसी दौरान उसके गर्भवती होने पर कथित तौर पर जातिसूचक गालियां दी गईं और मारपीट कर उसका तीन माह का गर्भ गिरा दिया गया। ये सभी आरोप पीड़िता ने अपनी शिकायत में लगाए हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 22 जून 2026 को ससुरालीजनों ने जान से मारने की नीयत से उसका गला दबाया और उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद 27 जून को उसे गाड़ी में डालकर मारपीट करते हुए गांव नगला भोलू के बाहर छोड़ दिया गया। आरोप है कि ससुरालीजनों ने धमकी दी कि दो लाख रुपये और मोटरसाइकिल लेकर आए बिना वापस न लौटे। घटना के बाद से विवाहिता अपने पिता के घर रह रही है। उसने महिला थाने में शिकायत देकर पति सहित ससुरालीजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page