Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 अक्टूबर। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में मथुरा-बरेली हाईवे पर गांव अहबरनपुर के निकट गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तारकोल से भरे कैंटर ने धान से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉला में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों हाथरस की अनाज मंडी में धान बेचने जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद अलीगढ़ के थाना इगलास क्षेत्र के गांव मनीपुर निवासी 46 वर्षीय लोकेंद्र सिंह पुत्र कोमल सिंह और उनके 65 वर्षीय चाचा संत कुमार सिंह पुत्र गोविंदराम सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित आशीर्वाद गार्डन में अपने परिवार के साथ रहते थे। दोनों अपने पैतृक गांव में खेती-बाड़ी करते थे।

इस बार खेतों में धान की फसल तैयार होने के बाद चाचा-भतीजे ने फसल की निकासी की थी। गुरुवार रात दोनों धान से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉला में उपज लेकर अलीगढ़ रोड स्थित हाथरस अनाज मंडी में बेचने जा रहे थे। इसी दौरान कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में मथुरा-बरेली हाईवे पर गांव अहबरनपुर के निकट तारकोल से भरे कैंटर ने उनके ट्रैक्टर-ट्रॉला में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में लोकेंद्र सिंह और संत कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। चाचा-भतीजे की मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। जिस धान की उपज को बेचने के लिए दोनों घर से निकले थे, उसी सफर में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page