Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 अक्टूबर। विकसित भारत यंग लीडर्स-2027 एवं कल्चरल ट्रैक (राष्ट्रीय युवा उत्सव) के अंतर्गत जनपद स्तरीय युवा उत्सव के आयोजन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित थीम के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित कराने और युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की सभी तहसीलों में युवा उत्सव आयोजित किए जाने के बाद इसी माह जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन कराया जाए। उन्होंने क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिभागियों का पंजीकरण माय भारत पोर्टल पर प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से समन्वय स्थापित कर प्रतियोगिताओं के आयोजन में आवश्यक सहयोग लिया जाए। बैठक में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 31 अक्टूबर से पहले किया जाना है। कार्यक्रम में लोकगीत, लोक नृत्य, नुक्कड़ नाटक, भाषण, पेंटिंग और कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें भाग लेने के इच्छुक युवाओं के लिए माय भारत पोर्टल पर पूर्व पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले कल्चरल ट्रैक की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ निर्धारित की गई है। इसी थीम के अंतर्गत सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, समूह नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले युवाओं की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अगस्त के आधार पर की जाएगी। जिलाधिकारी ने प्रतियोगिताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और युवाओं को पंजीकरण की प्रक्रिया व प्रतिभागिता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए युवाओं को प्रेरित किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, जिला सूचना अधिकारी, जिला युवा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, भारत स्काउट एंड गाइड के जनपदीय अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page