सिकन्दराराऊ 08 अक्टूबर। थाना क्षेत्र के गांव मुन्नापुर में गुरुवार दोपहर खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से करीब 30 वर्षीय युवक राहुल शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का शरीर रोटावेटर में बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद खेत में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार गांव मुन्नापुर निवासी राहुल शर्मा पुत्र स्वर्गीय गिरीश चंद्र गुरुवार दोपहर करीब एक बजे खेत के पास स्थित ट्यूबवेल की कुंडी पर पानी पी रहा था। इसी दौरान खेत में अपने निजी जॉन डियर ट्रैक्टर से रोटावेटर लगाकर मिट्टी समतल कर रहे शिव कुमार पुत्र रवि कुमार ने उसे आवाज देकर बुलाया। बताया जा रहा है कि राहुल के खेत में पहुंचने के कुछ ही देर बाद वह चलते ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। देखते ही देखते उसका शरीर रोटावेटर में फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव निकालने में करनी पड़ी मशक्कत
प्रत्यक्षदर्शी मृतक की ताई सत्यवती के अनुसार राहुल ट्यूबवेल पर पानी पी रहा था। आवाज देने पर वह खेत की ओर गया था, जहां यह हादसा हो गया। हादसे के बाद शव रोटावेटर में बुरी तरह फंस गया था, जिसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना का दृश्य देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक शिव कुमार ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर वहां से चला गया। परिजनों ने घटना को लेकर आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों के अनुसार राहुल और शिव कुमार मित्र थे तथा कभी-कभी दोनों साथ शराब भी पीते थे, लेकिन घटना से पहले राहुल के साथ सब कुछ सामान्य था। मृतक के छोटे भाई आकाश ने बताया कि घटना से करीब एक-दो घंटे पहले राहुल ने किसी काम के लिए अपने खाते में 200 रुपये मंगाए थे। वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना है कि राहुल संभवत: चलते ट्रैक्टर पर चढ़ने का प्रयास कर रहा होगा, जिसके कारण वह रोटावेटर की चपेट में आ गया। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








