
सासनी 07 अक्टूबर। सासनी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पड़ोसी समेत तीन लोगों पर उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर और डरा-धमकाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि घर में रखी नकदी और जेवरात भी गायब हैं। युवक ने मामले में पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, जिसके आधार पर अभियोग पंजीकृत कराया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी शादी 12 मार्च 2023 को हुई थी। उसका कहना है कि 26 सितंबर की शाम करीब छह बजे वह किसी काम से खेत पर गया था। उस समय उसकी पत्नी घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस का राजेश उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर और डरा-धमकाकर अपने साथ ले गया। पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया है कि पत्नी को ले जाने के साथ घर में रखे 10 हजार रुपये नकद, सोने की एक अंगूठी, सोने की लौंग और चांदी की पायल भी ले जाई गईं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में राजेश के पिता मूलचंद और उसके बहनोई जीतू निवासी महमूदपुर वरसै ने भी उसका साथ दिया। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में आशंका जताई है कि नामजद लोग उसकी पत्नी के साथ कोई अनहोनी कर सकते हैं। उसने पुलिस से पत्नी की तलाश कर उसे सकुशल बरामद कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करने के साथ महिला की तलाश में जुटी है। मामले में महिला के बरामद होने और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








