
हाथरस 07 अक्टूबर। जिलाधिकारी के निर्देश पर औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श के लिए चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को सलेमपुर स्थित औद्योगिक आस्थान में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। श्रम विभाग एवं चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत 318 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। औद्योगिक आस्थान, सलेमपुर हाथरस स्थित सर्वेश्वर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में आयोजित शिविर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चला। इस दौरान चिकित्सकीय टीम ने श्रमिकों की स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न जांचें कीं और आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराईं। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 23 श्रमिकों के दांतों की जांच की गई, जबकि 33 श्रमिकों की आंखों की जांच की गई। इसके अलावा 41 श्रमिकों की रक्त जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चार मरीजों को टिटनेस का टीका लगाया तथा एक श्रमिक को कुत्ते के काटने के उपचार के तहत आवश्यक टीका लगाया। शिविर के दौरान आठ श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
शिविर में जांच के दौरान अधिकांश अन्य श्रमिक सामान्य सर्दी-जुकाम से पीड़ित पाए गए। चिकित्सकों द्वारा श्रमिकों को उनकी बीमारी एवं स्वास्थ्य संबंधी स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा दवाओं का वितरण भी किया गया। शिविर में श्रम विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के आसपास ही स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे श्रमिकों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर जानकारी मिलने के साथ उपचार की सुविधा भी मिल सकेगी। इसी क्रम में 8 अक्टूबर 2026 को औद्योगिक आस्थान, अलीगढ़ रोड, हाथरस में भी श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा, जिसमें औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था की जाएगी।








