Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 06 अक्टूबर। श्री रामलीला महोत्सव शुरू होने से पहले महोत्सव के दौरान होने वाले विभिन्न धार्मिक आयोजनों और शोभायात्राओं में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कोतवाली परिसर में पुलिस-प्रशासन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने रामलीला समिति और विभिन्न आयोजनों से जुड़े पदाधिकारियों से कार्यक्रमों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। बैठक में श्री रामलीला महोत्सव के दौरान निकलने वाली श्री राम बारात, श्री महाराजा अग्रसेन शोभायात्रा, परशुराम शोभायात्रा और अहिल्याबाई होल्कर शोभायात्रा सहित अन्य धार्मिक शोभायात्राओं को लेकर जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने शोभायात्राओं के मार्ग, समय और संभावित भीड़ के संबंध में आयोजन समितियों के पदाधिकारियों से जानकारी ली। इसके अलावा ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध विराट काली मेला तथा हाथरस-सादाबाद मार्ग पर आयोजित होने वाले रावण दहन मेले को लेकर भी जानकारी जुटाई गई। संबंधित समितियों के अध्यक्षों से कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएं। कहीं भी अराजकता की स्थिति उत्पन्न न हो और आयोजन समितियां पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक में पिछले वर्ष रावण दहन स्थल को लेकर सामने आए भूमि स्वामी के एतराज का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि भूमि स्वामी ने आयोजन स्थल पर आपत्ति जताई थी। इस पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि संबंधित पक्ष से बातचीत कर मामले का समाधान कराया जाएगा। साथ ही रावण दहन के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि आयोजन से पहले स्थिति स्पष्ट हो सके और किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो। बैठक में एसडीएम रितु सिरोही, पुलिस उपाधीक्षक योगेंद्र कृष्ण नारायण, प्रभारी निरीक्षक, खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार, एडीओ पंचायत रामकिशन सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राधा रमन अग्रवाल, रामलीला समिति अध्यक्ष आदित्य रावत, परशुराम शोभायात्रा समिति अध्यक्ष जीतू गौतम मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page