
हाथरस 05 अक्टूबर। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रुहेरी गांव के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 10वीं कक्षा की छात्रा की आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से ही मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव नौपुरा निवासी कालीचरण की 17 वर्षीया बेटी मानसी रुहेरी स्थित एक विद्यालय में 10वीं कक्षा की छात्रा थी। शनिवार को उसकी साइकिल खराब हो गई थी, जिसे ठीक कराने के लिए वह रुहेरी में मिस्त्री के पास गई थी। साइकिल ठीक करवाने के बाद मानसी अपने रिश्तेदार अरविंद के साथ मोटरसाइकिल से गांव लौट रही थी। तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर दोपहर करीब 12:30 बजे जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रुहेरी गांव के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे अरविंद चोटिल हो गए, जबकि मानसी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।
आगरा में इलाज के दौरान तोड़ा दम स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मानसी की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा रेफर कर दिया। परिजन उसे इलाज के लिए आगरा ले गए, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिवार में पसरा मातम छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को वापस हाथरस लेकर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि मानसी अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और उसके पिता एक स्कूल में चपरासी के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







