
सासनी 05 अक्टूबर। सासनी-नानऊ मार्ग पर सोमवार दोपहर खिटौली पेट्रोल पंप के पास एक भीषण सड़क हादसे में 62 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी मासूम पोती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे एक परिवार से भरे ऑटो में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सादाबाद के ग्राम आतुर्रा निवासी पूरन सिंह (62) अपने बेटे सुनील कुमार की ससुराल कौड़ियागंज (अलीगढ़) में ददिया सास के निधन पर शोक व्यक्त करने जा रहे थे। ऑटो में पूरन सिंह के साथ उनकी पत्नी, बहू और मासूम पोती भी सवार थीं। जैसे ही उनका ऑटो खिटौली के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो असंतुलित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में सवार अन्य लोग दूर जा गिरे, जबकि पूरन सिंह ऑटो के नीचे दब गए और मासूम बच्ची दूर उछलकर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सासनी पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद पूरन सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मासूम बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मामले में सासनी पुलिस का कहना है कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाकारित अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









