
सासनी 05 अक्टूबर। इगलास रोड स्थित मतरुमल धना मिल के पास देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो गाड़ी के चालक की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात सासनी से इगलास की तरफ जा रहे एक ट्रैक्टर और विपरीत दिशा (इगलास से सासनी) से आ रही बोलेरो गाड़ी की मतरुमल धना मिल के पास आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेते हुए गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि, चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अमित के रूप में हुई है, जो मूल रूप से औरैया जिले के नगला चंदन गांव का निवासी था और वर्तमान में केआरसी कंपनी में बतौर बोलेरो चालक कार्यरत था। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के साथी कर्मचारी और परिजन बदहवास हालत में जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और मौके से फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।









