
हाथरस 05 अक्टूबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनता दर्शन में जनसुनवाई करते हुए अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का मौके पर मुआयना कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में जिला स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। जिलाधिकारी शिकायतकर्ता की मौजूदगी में संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की स्थिति एवं अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। जिलाधिकारी ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, संपूर्ण समाधान दिवस एवं थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के साथ शिकायतकर्ता से भी फीडबैक लेने पर जोर दिया गया। भूमि विवादों के मामलों में जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि विवादों का निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








