Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 03 अक्टूबर। शनिवार सुबह एटा-अलीगढ़ हाईवे पर ग्राम टोली के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उस पर सवार किसान उसके नीचे दब गया। हादसे में सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के चादनपुर गांव निवासी किसान मुनेंद्र (40) पुत्र रामवीर सिंह की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। बताया गया कि मुनेंद्र धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहे थे। ग्राम टोली के समीप पीछे से आए कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और मुनेंद्र उसके नीचे दब गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आईं, हालांकि उसकी हालत सामान्य बताई गई है। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मुनेंद्र को ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे से निकालकर उपचार के लिए एटा के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ग्रामीण शव को लेकर वापस घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को घटनास्थल से ले जाने को लेकर पुलिस और मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों के बीच बहस हो गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एटा-अलीगढ़ हाईवे पर जाम लगा दिया। हाईवे पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। सूचना पर एसडीएम धर्मेंद्र सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों एवं परिजनों को समझाकर शांत कराया। अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया है। पुलिस कैंटर चालक की तलाश में जुटी है। मुनेंद्र की मौत की खबर से चादनपुर गांव में मातम छा गया। परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page