Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 अक्टूबर। मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा शनिवार, 3 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का जनपद हाथरस में सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित की अध्यक्षता में बागला इंटर कॉलेज में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान पूर्वदशम कक्षा 9-10 के सभी वर्गों के 28 छात्र-छात्राओं तथा दशमोत्तर कक्षा 11-12 के 24 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा।

जिले में 3,055 विद्यार्थियों को वितरित हुई छात्रवृत्ति

जिला समाज कल्याण अधिकारी सरिता ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी विद्यालयों में भी छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित कराया गया। इसके लिए जनपद एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया था। नोडल अधिकारियों की अध्यक्षता में संबंधित विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरित की गई। उन्होंने बताया कि जनपद में पूर्वदशम कक्षा 9-10 के सभी वर्गों के कुल 1,918 छात्र-छात्राओं तथा दशमोत्तर कक्षा 11-12 के कुल 1,137 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया। इस प्रकार जिले में कुल 3,055 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरित की गई। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री के छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी कराया गया। छात्रवृत्ति मिलने से विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। छात्र-छात्राओं ने इसे अपनी पढ़ाई को आगे बढ़ाने में सहायक बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को शासन की छात्रवृत्ति योजना का लाभ उपलब्ध कराने के साथ शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, प्रधानाचार्य पी.बी.ए.एस. इंटर कॉलेज सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं कॉलेज के कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page