Hamara Hathras

Latest News

सासनी 03 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 4 अक्टूबर को सासनी में व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान का आयोजन भाजपा प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में केएल जैन इंटर कॉलेज के पास किया जाएगा। स्वच्छता अभियान प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक चलेगा, जिसमें क्षेत्र की साफ-सफाई करने के साथ आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में के.एल. जैन इंटर कॉलेज के शिक्षकगण, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता तथा सासनी के गणमान्य नागरिक सहभागिता करेंगे। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और सामूहिक भागीदारी के जरिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेन्द्र शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सुशासन एवं विकास यात्रा पूरी होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान देशभर में चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4 अक्टूबर को सासनी में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, संस्था या संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जब लोग मिलकर अपने आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करेंगे, तभी स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण का निर्माण संभव होगा। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को मजबूत करने तथा समाज में सेवा और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वच्छता अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि केवल अभियान के दौरान ही नहीं, बल्कि नियमित रूप से अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूक नागरिक ही स्वस्थ और बेहतर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। अभियान के दौरान स्वच्छता के साथ लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देने पर विशेष जोर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page