हाथरस 30 सितम्बर। बुलंदशहर स्थित चौड़रे वाली माता के दर्शन के लिए बाइक से जा रहे युवकों के साथ बुधवार को हाथरस-अलीगढ़ रोड पर तोछीगढ़ बंबा के निकट दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार युवकों को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद डंपर मृतक के शव को करीब एक किलोमीटर तक घसीटता ले गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने टुकसान के निकट डंपर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार जिला अलीगढ़ के थाना इगलास क्षेत्र के गांव बड़ा खुर्द निवासी 20 वर्षीय शिवकुमार उर्फ शिवा पुत्र भूरा अपने साथी धीरज पुत्र … और एक अन्य युवक के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव से बुलंदशहर स्थित चौड़रे वाली माता के दर्शन करने जा रहे थे। तीनों युवक बाइक से हाथरस-अलीगढ़ रोड पर होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान तोछीगढ़ बंबा के निकट पीछे से आए डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। डंपर की टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में शिवकुमार और धीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर आगे निकल गया और बताया गया कि डंपर मृतक शिवकुमार के शव को करीब एक किलोमीटर तक घसीटता ले गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि धीरज की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा स्थित हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। तीसरे बाइक सवार के संबंध में तत्काल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। शिवकुमार की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि मृतक अविवाहित था। घटना की सूचना अस्पताल से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के टुकसान के निकट डंपर में आग लगा दी। डंपर में आग लगाए जाने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और किसी तरह हालात पर काबू पाया। पुलिस द्वारा हादसे की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना में शामिल डंपर और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।











