
हाथरस 29 सितम्बर। जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने प्रातः 8 बजे नगर पंचायत सादाबाद के शहरी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए नगर पंचायत के अधिकारियों को नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान चलाने और सफाई के दौरान निकलने वाले कूड़े को तत्काल उठवाकर निर्धारित डंपिंग स्थल तक पहुंचाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वार्ड नंबर 15 में चल रहे सफाई कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से भी सीधे संवाद किया और दुकानों के बाहर रखी सामग्री को दुकान के अंदर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अनावश्यक अतिक्रमण न किया जाए, क्योंकि इससे यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को परेशानी होती है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके बाद जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कार्यालय सादाबाद का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था लगातार बेहतर रखी जाए और आमजन से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि आगामी एक अक्टूबर से शासन की मंशा के अनुरूप संचारी रोग नियंत्रण अभियान संचालित किया जाएगा। इसके मद्देनजर नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने जलभराव वाले स्थलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। साथ ही वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव और आवश्यकतानुसार फॉगिंग कराने को कहा। उन्होंने प्रमुख चौराहों, गलियों और नालियों की नियमित सफाई कराने के साथ ही जरूरत के अनुसार ब्लीचिंग का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। मंदिरों के आसपास विशेष साफ-सफाई कराने तथा झाड़ियों की कटाई कराने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सफाई के दौरान निकलने वाले कूड़े को इधर-उधर न छोड़ा जाए, बल्कि तत्काल एकत्र कर निर्धारित डंपिंग ग्राउंड तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सादाबाद सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।








