हाथरस 28 सितम्बर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की व्यवस्थाओं तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए मरीजों को बेहतर, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध दवाओं की सूची प्रदर्शित करने वाले बोर्ड लगाने तथा उसे प्रतिदिन अपडेट करने को कहा। जिलाधिकारी ने मरीजों की सुविधा के लिए एक्स-रे में टोकन व्यवस्था और ऑनलाइन पर्चा बनवाने की सुविधा सुनिश्चित करने के साथ स्वास्थ्य केंद्रों पर स्पष्ट साइनेज एवं मार्गदर्शक संकेतक, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश और नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाला प्रत्येक व्यक्ति पहले से ही शारीरिक एवं मानसिक परेशानी में होता है, इसलिए उसे अतिरिक्त असुविधा नहीं होनी चाहिए। पर्चा एवं दवा वितरण काउंटरों पर अनावश्यक भीड़ और लंबी कतारों को नियंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने मंत्र ऐप पर लाभार्थियों का डेटा समय से फीड कराने तथा पात्र लाभार्थियों का भुगतान किसी तकनीकी या प्रशासनिक लापरवाही के कारण लंबित न रखने को कहा। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए गर्भावस्था के अंतिम माह वाली महिलाओं की प्राथमिकता के आधार पर जांच कराने और आवश्यकता के अनुसार आयरन सुक्रोज की डोज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड को निर्धारित स्थल पर तत्काल स्थानांतरित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने आपातकालीन सेवाओं को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही जिला अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों में विद्युत व्यवस्था सुचारू रखने तथा बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर एवं अन्य वैकल्पिक संसाधनों को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। बैठक में ओपीडी, आईपीडी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, पैथोलॉजी, जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, एफआरयू, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान भारत योजना, नियमित टीकाकरण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण एवं पीसीपीएनडीटी एक्ट सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, एमओआईसी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







