हाथरस 28 सितम्बर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में प्रथम अंतर्विभागीय समन्वय बैठक जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप अभियान को प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को अपनी-अपनी कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा अभियान के दौरान की गई गतिविधियों को पोर्टल पर समय से अपलोड कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण तथा रोगियों को त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करें। उन्होंने नगर निकायों एवं पंचायतीराज विभाग को नियमित साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, जलभराव की निकासी, फॉगिंग तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग को छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के लिए संचारी रोगों से बचाव संबंधी डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां संयुक्त रूप से घर-घर भ्रमण कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी तथा बुखार, आईएलआई, क्षय रोग, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया एवं कालाजार आदि के संभावित रोगियों की पहचान करेंगी। ऐसे व्यक्तियों का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सहित विवरण ई-कवच पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाएगा। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं स्वास्थ्य इकाइयों पर बुखार से पीड़ित मरीजों की डेंगू एवं मलेरिया जांच अनिवार्य रूप से कराने तथा संदिग्ध रोगियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर भ्रमण कर बुखार रोगियों, आईएलआई रोगियों, क्षय रोग के लक्षणयुक्त व्यक्तियों, कुपोषित बच्चों तथा घरों में मच्छरों के प्रजनन की स्थिति से संबंधित पांच महत्वपूर्ण सूचनाएं संकलित करेंगी। इन सूचनाओं के आधार पर ब्लॉक स्तर से आवश्यक निरोधात्मक एवं उपचारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, एमओआईसी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







