Hamara Hathras

Latest News

हाथरस/अलीगढ़ 28 सितम्बर। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के ऊंचागांव (सुसाइन) निवासी सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार शर्मा आचार्य का रविवार तड़के श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत साइलेंट अटैक से बताई जा रही है। प्रमोद कुमार जवानों को पीटी परेड करा रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सीआरपीएफ अधिकारियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। 43 वर्षीय प्रमोद कुमार वर्ष 2006 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। वह अपने ताऊ सुरेश शर्मा के चार बेटों में सबसे छोटे थे। चचेरे भाई पंकज शर्मा के अनुसार प्रमोद कुमार बचपन से ही पढ़ाई में होनहार और धार्मिक प्रवृत्ति के थे। सरल एवं मिलनसार स्वभाव के कारण गांव और रिश्तेदारों में उनका काफी सम्मान था। वह अविवाहित थे। सीआरपीएफ की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सोमवार सुबह उनका पार्थिव शरीर हवाई जहाज से दिल्ली लाया गया, जहां से अलीगढ़ स्थित नंदनवन कॉलोनी फेस-1, मेलरोज बाईपास स्थित आवास पर लाया जा रहा है। यहीं सीआरपीएफ जवान को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। प्रमोद कुमार के निधन की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव ऊंचागांव और अलीगढ़ स्थित आवास पर शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि गांव ने अपना एक जांबाज बेटा खो दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page