हाथरस 26 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा एवं ज्ञान को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 30 सितंबर को सभी विकासखंड स्तर पर सुबह 10 बजे से प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें चयनित छात्र-छात्राएं 2 अक्टूबर को जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिताओं एवं जनपद स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल में बैठक कर संबंधित अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों की चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही 75×75 वर्ग फीट की रंगोली में ब्लॉक स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताओं और जनपद स्तरीय कार्यक्रम के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं। प्रतिभागी विद्यार्थियों के बैठने, पेयजल, सुरक्षा, आवश्यक सामग्री एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ उनके आने-जाने की व्यवस्था को भी सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को रचनात्मकता, ज्ञान, सामाजिक सरोकार एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। उन्होंने अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए प्रतियोगिताओं को उत्साहपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी, बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य तथा उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी एवं प्रधानाचार्य मौजूद रहे।









