Hamara Hathras

Latest News

हाथरस। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य ने अतिथियों का बुके एवं पौध भेंटकर स्वागत किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों एवं चित्रों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। अभियान के तहत विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, पेंटिंग, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प का अर्थ राष्ट्र और समाज के प्रति सेवा का संकल्प लेना है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता और जिम्मेदारी के अनुसार राष्ट्र की सेवा कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के भाषण एवं चित्रों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने अपने विचारों के माध्यम से बताया है कि वे भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश का निर्माण उसके नागरिकों से होता है और प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का निर्वहन सेवा भाव के साथ करना चाहिए। जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण को भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक का कम उपयोग, स्वच्छता तथा गीले-सूखे कचरे को अलग रखने जैसे प्रयासों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों को ज्ञान देकर देश की अगली पीढ़ी तैयार कर रहे हैं, जबकि विद्यार्थियों का मेहनत से पढ़ाई करना और अपने क्षेत्र में सफल होकर देश के विकास में योगदान देना भी राष्ट्र सेवा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा का सम्मान करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि जीवन में कोई भी उपलब्धि एक दिन में प्राप्त नहीं होती, इसके लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता के साथ शिक्षकों का सम्मान करने तथा उनके अनुभव और मार्गदर्शन से सीखने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की तैयारी और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को विकासखंड स्तर पर प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन जनपद स्तर के लिए किया जाएगा। 7 अक्टूबर को साइकिल, बाइक एवं पैदल रैली का आयोजन किया जाएगा, जो बस स्टैंड पर पहुंचकर एक साथ सम्मिलित होंगी। यहां प्रधानमंत्री का संबोधन सुना जाएगा तथा सेवा ज्योति कलश की स्थापना की जाएगी। वहीं 2 अक्टूबर को जनपद स्तर पर विद्यार्थियों की चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक का कार्य केवल बच्चों को उत्तर बताना नहीं, बल्कि उनमें जिज्ञासा पैदा कर स्वयं सीखने के लिए प्रेरित करना भी है। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page