Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़ 26 सितम्बर। नौरंगाबाद स्थित माँ बगलामुखी मंदिर, बी. दास कम्पाउंड में शनिवार को पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान मंदिर की महंत एवं पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी की महामंडलेश्वर डॉ. अन्नपूर्णा भारती पुरी जी ने आगामी धार्मिक आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक श्रीमद्भागवत कथा अमृत वर्षा एवं माँ बगलामुखी महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन देश के शहीदों को समर्पित है और प्रतिवर्ष श्राद्ध पक्ष में इसका आयोजन किया जाता है। कथा व्यास प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित अशोक कुमार पांडेय जी प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन का विशेष आकर्षण जर्मनी से पधारीं योगिनी मैखाला जी रहेंगी। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और सनातन परंपरा के प्रति प्रेम पूरी दुनिया को आकर्षित करता रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने भारत में लंबा समय बिताया है और सनातन की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। अलीगढ़ की धरती पर माँ बगलामुखी के सानिध्य में उन्हें नया मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित होगा। वहीं कथा व्यास पंडित अशोक कुमार पांडेय जी ने कहा कि आज भागवत कथा के नाम पर जिस तरह नृत्य और अंधविश्वास को बढ़ावा दिया जा रहा है, वे उसका विरोध करते हैं। उनका उद्देश्य भागवत कथा के यथार्थ स्वरूप को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आयोजन सभी वर्गों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, लेकिन युवाओं से विशेष उम्मीदें हैं। उनके अनुसार बड़ी संख्या में युवा इस आयोजन से जुड़ रहे हैं और प्रयास रहेगा कि श्रीमद्भागवत का वास्तविक स्वरूप श्रोताओं तक पहुंचाया जाए। महामंडलेश्वर डॉ. अन्नपूर्णा भारती ने बताया कि कथा के साथ प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से माँ बगलामुखी का विशेष हवन एवं अनुष्ठान भी किया जाएगा। आयोजन की पूर्णाहुति, प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारा 4 अक्टूबर को आयोजित होगा। पत्रकार वार्ता के दौरान महामंडलेश्वर डॉ. अन्नपूर्णा भारती, योगिनी मैखाला, पंडित अशोक कुमार पांडेय, हर्ष गुप्ता, हिमांशु गुप्ता सहित मंदिर के सेवादार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page